Jamshedpur: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों और दिशा बैठक में शामिल नहीं किए गए एजेंडा प्रस्तावों को लेकर शुक्रवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने जिला उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात की। उन्होंने दिशा बैठक में आंशिक रूप से स्वीकृत प्रस्तावों के शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराने, बैठक से बाहर रह गए 21 महत्वपूर्ण एजेंडा प्रस्तावों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा विधानसभा क्षेत्र से जुड़े 12 प्रमुख जनहित मुद्दों पर त्वरित पहल की मांग की।
विधायक ने उपायुक्त को बताया कि उनके कार्यालय की ओर से 28 मई 2026 को दिशा बैठक के लिए 26 जनहित एजेंडा प्रस्ताव भेजे गए थे। उनका कहना है कि 29 मई 2026 को आयोजित बैठक की कार्यवाही में केवल तीन प्रस्तावों को आंशिक रूप से शामिल किया गया, जबकि 21 महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल नहीं किए गए।
आधारभूत सुविधाओं के विकास पर दिया जोर
पूर्णिमा साहू ने बिरसानगर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासीय ब्लॉकों में सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और बिजली जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने जेपी सेतु बस स्टैंड, मानगो के जीर्णोद्धार, वेटिंग रूम, डॉर्मेट्री, शौचालय, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
उन्होंने जर्जर बिजली पोल बदलने, खुले विद्युत तारों को सुरक्षित करने और ओवरलोडेड ट्रांसफार्मरों के उन्नयन की भी मांग उठाई।
दिशा बैठक से छूटे 21 एजेंडा पर कार्रवाई की मांग
विधायक ने दिशा बैठक की कार्यवाही में शामिल नहीं किए गए 21 महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की। इनमें सुलभ इंटरनेशनल शौचालयों की स्थिति में सुधार, सीवरेज सफाई के लिए जेटिंग क्लीनिंग मशीन की खरीद, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत ऋणग्रस्त महिलाओं की समस्याओं का समाधान तथा जेएनएसी यार्ड में अनुपयोगी पड़े डस्टबिन, टोटो, कचरा वाहन, सीवरेज क्लीनिंग वाहन, मोबाइल और पिंक टॉयलेट की मरम्मत कर उपयोग में लाने की मांग शामिल रही।
कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े मुद्दे भी उठाए
पूर्णिमा साहू ने बिरसानगर थाना के उन्नयन और विभाजन, अवैध जुआ, सट्टा, लॉटरी एवं नशीले पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई, नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र की स्थापना, मानसून के दौरान एनडीआरएफ की स्थायी तैनाती, सरकारी विद्यालयों के बिजली लोड बढ़ाने, सामुदायिक भवनों में बिजली-पानी कनेक्शन, स्वास्थ्य केंद्रों में एएनएम एवं जीएनएम की नियुक्ति, मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया में तेजी और नए एमजीएम अस्पताल तक निःशुल्क बस सेवा सहित कई मुद्दे उठाए।
इसके अलावा उन्होंने सुवर्णरेखा नदी में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, लिट्टी चौक से एनएच-33 तक नदी पुल निर्माण, माध्यमिक विद्यालयों को प्लस-टू में उत्क्रमित करने, शिक्षकों और एनसीसी प्रशिक्षकों की प्रतिनियुक्ति तथा कौशल विकास केंद्र स्थापित करने की मांग भी रखी।
12 अन्य जनहित मुद्दों पर भी रखा पक्ष
विधायक ने विधानसभा क्षेत्र में स्थायी आधार सेवा केंद्र, सीएसआर फंड से होने वाले विकास कार्यों की समीक्षा, बारीडीह जिला स्कूल और भालूबासा हरिजन स्कूल को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा दिलाने, बीपीएल एवं अंत्योदय कार्डधारियों को बिजली-पानी में रियायत, आंगनबाड़ी केंद्रों के आधुनिकीकरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के समय पर भुगतान, प्रोफेशनल कॉलेज को क्रियाशील करने, अवैध पार्किंग वसूली रोकने तथा सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने सहित कई मांगें भी उपायुक्त के समक्ष रखीं।
उपायुक्त ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
विधायक पूर्णिमा साहू ने सभी मुद्दों पर संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश देने और प्रगति रिपोर्ट उनके कार्यालय को उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी विषयों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




