अमृतसर : पंजाब के अमृतसर में एएसआई हरजीत सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुठभेड़ में हत्या में शामिल एक हमलावर मारा गया। उसकी पहचान मुलेचक गांव निवासी दीपक सिंह के रूप में हुई है। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में अभियान चला रही है।
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने देर रात बताया कि एएसआई हरजीत सिंह की हत्या के बाद पुलिस ने शहर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी थी। शनिवार दोपहर से रेड अलर्ट जारी कर सख्त नाकाबंदी की गई थी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग इलाके में घूम रहे हैं और किसी अन्य व्यक्ति को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस और हमलावरों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक हमलावर मारा गया।
पुलिस कमिश्नर के अनुसार, जांच में सामने आया है कि हमलावरों को सीमा पार बैठे बदमाशों से निर्देश मिलने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों में डर पैदा करना और उनका मनोबल कमजोर करना हो सकता है। जांच के अनुसार, हमलावरों को वर्दी में किसी भी पुलिसकर्मी को निशाना बनाने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इस घटना के बाद पुलिस को और सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने चिंता जताई कि पंजाब के कुछ युवा सीमा पार बैठे तस्करों और असामाजिक तत्वों के संपर्क में आ रहे हैं।
उन्होंने माता-पिता से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें नशे तथा असामाजिक तत्वों के प्रभाव से दूर रखें। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को गुमराह करने की कोशिशों पर भी नजर रखी जा रही है।




