अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
जमशेदपुर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम ने रेलवे क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में विशेष बूथ लगाकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। अभियान का शुभारंभ “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार” संदेश के साथ किया गया।
अभियान के पहले दिन बूथ आधारित कार्यक्रम संचालित किया गया। लोको कॉलोनी, ट्रैफिक कॉलोनी, बागबेड़ा, कैरेज कॉलोनी, गोलपहाड़ी तथा रेलवे अस्पताल सहित कुल छह स्थानों पर बूथ स्थापित किए गए, जहां बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पहुंचे और उन्हें पोलियो की जीवनरक्षक दवा पिलाई गई।
अभियान को सफल बनाने के लिए सिविल डिफेंस टीम ने कॉलोनियों में अनाउंसमेंट कर लोगों को जागरूक किया और सभी पात्र बच्चों को बूथ पर लाकर पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस अभियान में लोगों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
रेलवे अस्पताल की वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. पोली टारगेन ने अभियान के लिए मेडिकल किट, चार्ट एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराते हुए विभिन्न बूथों का आवंटन किया। वहीं सिविल डिफेंस के जवान वीरेंद्र कुमार, विनोद कुमार, सरस्वती मुर्मू, तेजीता समेत अन्य स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह के साथ अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अभियान के दूसरे दिन सोमवार को सिविल डिफेंस की टीम घर-घर जाकर ऐसे बच्चों की पहचान करेगी, जो पहले दिन किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। उन्हें उनके घर पर ही पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस महत्वपूर्ण टीकाकरण से वंचित न रह जाए।
