Jamshedpur News:  मानगो नगर निगम क्षेत्र में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों की निगरानी को लेकर विधायक सरयू राय की स्वीकृति के बाद मानगो जनसुविधा समिति का गठन किया गया है। समिति का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों से सीधे संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने के साथ-साथ विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति पर नजर रखना होगा।

विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि समिति के संयोजक की जिम्मेदारी पप्पू सिंह को सौंपी गई है। समिति में कुल 12 सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें कुलविंदर सिंह पन्नू, निर्मल सिंह, संतोष भगत, संदीप शर्मा, टुनटुन सिंह, प्रेम सक्सेना, कन्हैया ओझा, संतोष चौहान, संजीव मुखर्जी, ममता सिंह, मो. मुश्ताक अहमद और शिरीन अख्तर को सदस्य बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि संगठनात्मक स्तर पर क्षेत्रीय समन्वय को मजबूत करने के लिए पिंटू सिंह को मानगो मंडल का संयोजक तथा विकास साहनी को उलीडीह मंडल का संयोजक नियुक्त किया गया है।

मुकुल मिश्रा ने कहा कि नवगठित जनसुविधा समिति स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधि के बीच सेतु का कार्य करेगी। समिति के सदस्य क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रयास करेंगे। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों की नियमित निगरानी कर जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Share.
Exit mobile version