गुमला: भारत की आगामी जनगणना 2027 की तैयारी हेतु गुमला जिला प्रशासन द्वारा पूर्व परीक्षण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया के लिए गुमला प्रखंड के 20 ग्रामों का चयन किया गया था, जिनमें कुल 50 मकान अनुसूची ब्लॉक निर्धारित किए गए थे। मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य दिनांक 10 नवंबर से 30 दिसंबर तक संचालित किया जाना निर्धारित था।

इस कार्य में 30 प्रगणकों एवं 8 पर्यवेक्षकों को नियुक्त किया गया था। साथ ही, जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड द्वारा फील्ड ट्रेनर भी नियुक्त किए गए थे, जो डिजिटल ऐप आधारित कार्यप्रणाली (DLM एवं HLO ऐप) के माध्यम से इस कार्य को संपन्न कराने हेतु तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान कर रहे थे। जनगणना निदेशालय के पदाधिकारी राजा शंकर ठाकुर, संजीव कुमार मांझी, आकाश वाजपेयी एवं ज्ञान के द्वारा सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को डिजिटल तकनीक एवं प्रक्रिया संबंधी सभी आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

चार्ज पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं जनगणना पदाधिकारी गुमला अशोक कुमार चोपड़ा द्वारा निर्धारित समय पर कार्य पूर्ण होने के उपरांत सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को कार्य विरमित कर दिया गया तथा यह निर्देश दिया गया कि DLM एवं HLO ऐप को आगामी निर्देश तक अनइंस्टॉल नहीं किया जाए, ताकि आवश्यकता अनुसार अद्यतन कार्यवाही की जा सके।

इस पूर्व परीक्षण अभियान को सफल बनाने में जनगणना कोषांग के कर्मियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, गुमला एवं उनके कार्यालय के कर्मियों द्वारा लगातार आवश्यक योगदान एवं सहयोग प्रदान किया गया। भारत सरकार के महानिबंधक कार्यालय से भी पर्यवेक्षकों को प्रतिनियुक्त कर कार्य का अवलोकन किया गया, जिससे इस प्रक्रिया की गुणवत्ता सुनिश्चित हुई।

Share.
Exit mobile version