jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया प्रखंड के दूरस्थ इलाकों में बुधवार को विकास कार्यों की नई शुरुआत हुई। पोटका विधायक संजीव सरदार ने कुल 3 करोड़ 96 लाख रुपए की लागत से स्वीकृत छह महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास किया। इन योजनाओं में पीसीसी सड़क निर्माण, कारीदा नदी पर पुलिया निर्माण और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीएमएचयू का निर्माण शामिल है। समारोह में ग्रामीणों ने अपने रीति-रिवाजों के अनुसार विधायक का स्वागत कर खुशी जताई।
शिलान्यास के दौरान विधायक संजीव सरदार ने कहा कि सरकार की योजनाएँ अब सीधे जनता की जरूरतों और हितों के अनुरूप लागू हो रही हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि उसकी योजनाएँ केवल पूँजीपतियों के हित में थीं और गाँव तथा शहर में भेदभाव किया गया। वहीं हेमंत सरकार के तहत हर गाँव और ग्रामीण क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। शिलान्यास समारोह में झामुमो पोटका प्रखंड कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा सोरेन, भगत बसके, माझी बाबा, नायके बाबा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
धोलाबेड़ा पंचायत के कारीदा नदी पर मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत 2 करोड़ 94 लाख रुपए से पुल निर्माण कार्य का शुभारंभ भी विधायक संजीव सरदार ने किया। इस पुल के बनने से पूरे प्रखंड के हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। ग्रामीणों ने बताया कि यह पुल कई वर्षों से उनकी मांग रही है, जो अब पूरी होने जा रही है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरिया में 50 लाख रुपए की लागत से बीएमएचयू (बेसिक मल्टी हेल्थ यूनिट) का निर्माण किया जाएगा। 15वें वित्त आयोग से स्वीकृत इस योजना से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध होंगी और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण से आवागमन आसान होगा, मरीजों को अस्पताल तक पहुँचने में सुविधा मिलेगी और पूरे क्षेत्र में विकास की रफ्तार बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद डुमरिया जैसे दूरस्थ क्षेत्रों को अनदेखा किया गया था, लेकिन हेमंत सरकार और विधायक संजीव सरदार की पहल से लंबे समय से लंबित मांगें पूरी हो रही हैं और इससे पूरे इलाके को लाभ मिलेगा।
इस शिलान्यास में कुल छह योजनाओं का शुभारंभ किया गया जिनमें केंदुआ पंचायत, ग्राम बादलगोड़ा में 1000 फीट पीसीसी पथ निर्माण, धोलाबेड़ा पंचायत, ग्राम काशीबेड़ा में 600 फीट पीसीसी पथ निर्माण, धोलाबेड़ा पंचायत, ग्राम कारीदा में पुलिया निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरिया में बीएमएचयू का निर्माण, पलाशबनी पंचायत, ग्राम कालीमाटी में 500 फीट पीसीसी पथ निर्माण और पलाशबनी पंचायत, ग्राम छोटा बोतला में 600 फीट पीसीसी पथ निर्माण शामिल हैं।



