अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi :राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र अंतर्गत संग्रामपुर के एक प्राचीन शिव मंदिर में रविवार सुबह शिवलिंग क्षतिग्रस्त मिलने से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर में एकत्र हो गए तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन की भांति सुबह श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने मंदिर में स्थापित शिवलिंग को क्षतिग्रस्त देखा। देखते ही देखते घटना की सूचना पूरे गांव में फैल गई, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
सूचना मिलने पर कांके थाना अपने दलबल के साथ तत्काल मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि घटना में शामिल व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान की जा सके।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की घटना से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। दोषियो को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास जारी है। एहतियात के तौर पर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

