गुमला/डुमरी:-डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुटलू की एक महिला के साथ शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और करीब 6 लाख रुपये की ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर डुमरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पीड़िता के अनुसार, वह टाटा में रहकर एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। इसी दौरान shadi.com के माध्यम से उसकी पहचान धनबाद के भूली निवासी प्रशांत सिंह से हुई। ऑनलाइन बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास जीत लिया।

आरोप है कि शादी का वादा कर आरोपी ने पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान अलग-अलग जरूरतों और बहानों का हवाला देकर उसने पीड़िता से करीब 6 लाख रुपये भी ले लिए। जब पीड़िता ने शादी को लेकर दबाव बनाया, तो आरोपी ने साफ तौर पर शादी से इनकार कर दिया।

अपने साथ हुए शोषण और आर्थिक ठगी से मानसिक रूप से आहत पीड़िता ने डुमरी थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। आवेदन मिलते ही डुमरी थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर आरोपी प्रशांत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी डुमरी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन माध्यमों पर किसी से भी संपर्क करते समय सतर्क रहें और बिना पूरी जानकारी व विश्वास के किसी प्रकार का लेन-देन या संबंध स्थापित न करें। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

Share.
Exit mobile version