Jamshedpur news: परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सालगाझुड़ी रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की उम्र लगभग 50 से 60 वर्ष के बीच बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार महिला काफी समय से आसपास के इलाके में भिक्षावृत्ति कर अपना जीवनयापन करती थी, लेकिन उसकी पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सुबह स्टेशन के पास से गुजर रहे लोगों की नजर महिला के शव पर पड़ी। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की सूचना तत्काल परसुडीह थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया।

प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर किसी स्पष्ट बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।

परसुडीह थाना पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतका की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। यदि निर्धारित समय तक शव की पहचान नहीं हो पाती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Exit mobile version