Jamshedpur news: परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा स्थित शांतिनगर इलाके में सोमवार सुबह एक नरकंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुनसान स्थान पर नाले के किनारे मिट्टी में दबा कंकाल मिलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने के बाद परसुडीह थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और नरकंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह कुछ ग्रामीणों की नजर नाले के किनारे मिट्टी में दबे संदिग्ध अवशेषों पर पड़ी। पास जाकर देखने पर इंसानी हड्डियां दिखाई दीं, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर नरकंकाल को बरामद कर लिया।
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि शव पूरी तरह गल चुका है और केवल हड्डियां ही शेष बची हैं। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कंकाल किसी पुरुष का है या महिला का। साथ ही यह भी कहना फिलहाल संभव नहीं है कि मौत कब हुई थी या कंकाल कितने समय पुराना है।
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पिछले कुछ महीनों में लापता हुए लोगों की सूची भी खंगाली जा रही है, ताकि कंकाल की शिनाख्त हो सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए नरकंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण, समय और मृतक की पहचान से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
