लद्दाख : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लद्दाख को करीब 3350 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने लेह के कुशोक बकुला रिम्पोछे हवाई अड्डे पर 640 करोड़ रुपये की लागत से बने नए यात्री टर्मिनल का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लोगों को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से लद्दाख में सड़क और हवाई यात्रा आसान होगी। साथ ही बिजली, पानी और पर्यटन की सुविधाओं में भी सुधार होगा।
लेह एयरपोर्ट पर हर साल 35 लाख यात्री कर सकेंगे सफर
लेह एयरपोर्ट का नया टर्मिनल 23,800 वर्ग मीटर में बनाया गया है। इसकी सालाना यात्री क्षमता 35 लाख है। पहले यह क्षमता 10 लाख यात्रियों की थी। नए टर्मिनल के शुरू होने से उड़ानों की संख्या बढ़ने की भी उम्मीद है।
खास बात यह है कि टर्मिनल में जियोथर्मल हीटिंग और सौर ऊर्जा जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है। पीएम मोदी के अनुसार, जियोथर्मल हीटिंग की सुविधा वाला यह देश का पहला एयरपोर्ट टर्मिनल है। इसमें लद्दाख की स्थानीय कला और संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।
अब 12 घंटे का सफर सिर्फ 3 घंटे में होगा पूरा
प्रधानमंत्री ने करीब 2500 करोड़ रुपये की लागत से बनी निम्मू-पदुम-दारचा सड़क भी लद्दाख के लोगों को समर्पित की। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर पहले यात्रा करने में करीब 12 घंटे लगते थे, लेकिन अब यह सफर लगभग तीन घंटे में पूरा हो सकेगा। इससे स्थानीय लोगों के साथ व्यापारियों और पर्यटकों को भी फायदा होगा।
युवाओं की शिक्षा और खेल पर सरकार का जोर
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार लद्दाख के युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर ध्यान दे रही है। इसके लिए लेह में उत्कृष्टता केंद्र बनाया जा रहा है। साथ ही IIT जम्मू और IIM जम्मू के सैटेलाइट कैंपस स्थापित करने के प्रस्तावों पर भी काम किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि लद्दाख के युवाओं में खेलों की काफी प्रतिभा है। यहां के युवा आइस हॉकी, विंटर स्पोर्ट्स और पर्वतारोहण में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार नई खेल नीति के जरिए उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं देने का प्रयास कर रही है।
लद्दाख के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं से लद्दाख के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने निर्माण कार्य में लगे इंजीनियरों, श्रमिकों और सीमा सड़क संगठन (BRO) के कर्मचारियों की सराहना की। साथ ही कहा कि बेहतर सड़क, हवाई सेवा और अन्य सुविधाओं से लद्दाख के लोगों का जीवन आसान होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।



