फॉण्ट कनवर्टर NEW

PM मोदी ने किसानों को दी 14 हजार करोड़ की सौगात, दो नई ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान बनासकांठा पहुंचे। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए किसानों की तारीफ की और कहा कि बनासकांठा का आलू आज पूरी दुनिया में मशहूर है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि यहां कोई

अपनी भाषा में पढ़ें

बनासकांठा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान बनासकांठा पहुंचे। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए किसानों की तारीफ की और कहा कि बनासकांठा का आलू आज पूरी दुनिया में मशहूर है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि यहां कोई आलू से सोना बनाने की बात नहीं करता, क्योंकि यहां के किसान पहले से ही आलू से सोना बना रहे हैं।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने पीएम-किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को 18,690 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही दो नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई।

चारपाई पर बैठे नजर आए सभा में पहुंचे लोग

बनासकांठा की जनसभा में लोगों के बैठने के लिए कुर्सियों की जगह चारपाइयों की व्यवस्था की गई थी। इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के दूसरे हिस्सों के लोगों के लिए यह अनोखा दृश्य होगा कि किसी बड़ी सभा में लोग चारपाई पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि बनासकांठा के लोगों ने गांवों की पुरानी परंपरा को आज भी जिंदा रखा है।

जनसेवा के 25 साल का किया जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद गुजरात के लोगों ने उन्हें बहुत प्यार दिया और काफी कुछ सिखाया।

उन्होंने कहा कि एक सामान्य परिवार से निकलकर उन्हें पहले गुजरात और फिर देश की सेवा करने का अवसर मिला। मोदी ने बताया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका पहला सार्वजनिक कार्यक्रम भी बनासकांठा में हुआ था। करीब 25 साल बाद वह फिर इस इलाके में पहुंचे हैं।

किसानों से पानी और बिजली बचाने की अपील

प्रधानमंत्री ने किसानों और स्थानीय लोगों से पानी तथा बिजली बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 25 साल पहले इस इलाके में पानी और बिजली की काफी समस्या थी। लगातार प्रयासों से स्थिति में बदलाव आया है।

उन्होंने मछली पालन, मधुमक्खी पालन और डेयरी क्षेत्र में हुई प्रगति का भी जिक्र किया। मोदी के अनुसार, भारत का सीफूड निर्यात दोगुना हुआ है और पिछले 12 वर्षों में शहद का उत्पादन भी दोगुना हो गया है।

गोबर से कमाई बढ़ाने के लिए दो बायो-CNG प्लांट

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों और पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने के लिए गोबर और खेती के अवशेषों से बायोगैस, बायो-CNG और जैविक खाद बनाने को बढ़ावा दे रही है। इसी दिशा में बनासकांठा में दो बायो-CNG प्लांट की आधारशिला रखी गई।

उन्होंने पशुओं के मुफ्त टीकाकरण और नस्ल सुधार कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। प्रधानमंत्री के मुताबिक, पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए अब तक करीब 150 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं।

IVF तकनीक से सुधारी जाएंगी पशुओं की नस्लें

पीएम मोदी ने राष्ट्रीय गोकुल मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि देसी पशु नस्लों को संरक्षित करने और उनके विकास के लिए काम किया जा रहा है। बनासकांठा में स्थापित रिसर्च सेंटर से इस काम को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि IVF तकनीक के माध्यम से अच्छी नस्ल वाले पशुओं की संख्या बढ़ाई जा सकती है। इससे दूध उत्पादन में वृद्धि होगी और पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी।

किसानों को मिलेगी बीजों की नई किस्मों का लाभ

प्रधानमंत्री ने कहा कि मौसम में बदलाव किसानों के सामने बड़ी चुनौती है। इसे देखते हुए पिछले वर्षों में किसानों को बीजों की करीब 3 हजार नई किस्में उपलब्ध कराई गई हैं।

उन्होंने सॉइल हेल्थ कार्ड, पीएम-किसान सम्मान निधि, फसल बीमा और पीएम-कुसुम योजना का भी जिक्र किया। मोदी के अनुसार, पीएम-किसान सम्मान निधि के तहत अब तक करीब 4.50 लाख करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे जा चुके हैं। वहीं, गुजरात के 50 लाख से अधिक किसानों को नई किस्त का लाभ मिलेगा।

अहमदाबाद-वाराणसी समेत दो नई ट्रेनें शुरू

गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने दो नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इनमें अहमदाबाद-वाराणसी ट्रेन और मेहसाणा-साबरमती ट्रेन शामिल हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने बनासकांठा में रोड शो किया और एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (ET-IVF) लैब तथा भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर के पशु फार्म का दौरा किया।

इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram