चैनपुर, डुमरी व जारी प्रखंड के पीडीएस डीलरों को सौंपी गई नई मशीनें

गुमला/चैनपुर:-जनवितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुचारु बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बुधवार को चैनपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित पुस्तकालय भवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान चैनपुर, डुमरी एवं जारी प्रखंड के जनवितरण प्रणाली दुकानदारों के बीच आधुनिक 4G ई-पोस मशीनों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा एवं अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से तीनों प्रखंडों के कुल 102 पीडीएस डीलरों को नई 4G ई-पोस मशीनें प्रदान कीं। मशीन वितरण के साथ ही डीलरों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के उद्देश्य से एक प्रशिक्षण सत्र का भी आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रशिक्षक अर्जुन प्रजापति एवं मनीष पटेल ने दुकानदारों को नई मशीनों के संचालन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नेटवर्क कनेक्टिविटी, फिंगरप्रिंट ऑथेंटिकेशन, डेटा सिंकिंग एवं तकनीकी समस्याओं के समाधान से जुड़ी महत्वपूर्ण बारीकियों को समझाया, ताकि राशन वितरण के समय किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ यादव बैठा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनवितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाना है। नई 4G ई-पोस मशीनों के माध्यम से पुरानी मशीनों में आने वाली नेटवर्क समस्याओं से निजात मिलेगी और लाभुकों को समय पर राशन उपलब्ध कराया जा सकेगा।

वहीं अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता ने कहा कि नई तकनीक के उपयोग से जनवितरण व्यवस्था में सुधार होगा और आम जनता को बेहतर एवं त्वरित सेवा का लाभ मिलेगा।

Share.
Exit mobile version