Patna: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। बुधवार की सुबह आलमगंज थाना क्षेत्र के गायघाट इलाके में पुलिस और एसटीएफ की टीम ने एक मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ सूर्या डॉन को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान अपराधी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सूर्या डॉन अपने गिरोह के साथ गायघाट के पास किसी से रंगदारी वसूलने की नियत से जमा हुआ है। इसी जानकारी पर पटना (ईस्ट) एसपी परिचय कुमार के नेतृत्व में पुलिस और एसटीएफ की टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख अपराधी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला, जिसमें एक गोली सूर्या के पैर में जा लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
इस खबर को भी पढ़ें : आधी रात गोलियों की गूंज, पटना एनकाउंटर में मैनेजर राय घायल
गिरफ्तार सूर्या डॉन पटना के खाजेकलां का रहने वाला है और पुलिस रिकॉर्ड में वह एक बड़ा नाम है। उसके खिलाफ लूट, डकैती, अवैध हथियार और रंगदारी जैसे दो दर्जन से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया है। मौके पर एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं।
एसपी परिचय कुमार ने बताया कि सूर्या लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी। फिलहाल आलमगंज थाने में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पटना में पिछले कुछ दिनों से अपराधियों के खिलाफ एसटीएफ की सक्रियता काफी बढ़ गई है, जिससे आपराधिक गिरोहों में हड़कंप मचा हुआ है।



