Patna: राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का महापर्व विजयादशमी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंगलवार को आयोजित ‘श्री रामलीला महोत्सव एवं रावण वध समारोह-2026’ में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत) सैयद अता हसनैन, नागालैंड के राज्यपाल श्री नंदकिशोर यादव तथा मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और जयघोष के बीच बुराई के प्रतीक रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का विधिवत दहन किया गया।
आयोजकों ने किया अतिथियों का स्वागत, सीएम ने की आरती
कार्यक्रम का आयोजन ‘श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट’ की ओर से किया गया था। मंच पर पहुंचने के बाद ट्रस्ट के आयोजकों द्वारा राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत) सैयद अता हसनैन, नागालैंड के राज्यपाल श्री नंदकिशोर यादव एवं मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर उनका औपचारिक अभिनंदन किया गया।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने मंच पर विराजमान भगवान श्रीराम एवं श्री लक्ष्मण के स्वरूपों की आरती उतारी और राज्य में सुख, शांति तथा समृद्धि की प्रार्थना की।
कुंभकर्ण, मेघनाद और रावण के पुतलों का हुआ दहन
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद गांधी मैदान में पुतला दहन की प्रक्रिया शुरू की गई। परंपरा के अनुसार, सबसे पहले कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों में अग्नि प्रज्वलित की गई। अंत में असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक स्वरूप दशानन रावण के विशालकाय पुतले का दहन किया गया। पुतलों के जलते ही पूरा गांधी मैदान ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंज उठा।
मंत्रिमंडल के सदस्य और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रहे उपस्थित
समारोह में राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से:
मंत्रिमंडल व जनप्रतिनिधि: उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी और विधायक संजय कुमार मौजूद रहे।
प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी: मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, पटना प्रमण्डल के आयुक्त राजेश कुमार, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेन्द्र राणा, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा उपस्थित रहे।
आयोजन समिति: श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट के अध्यक्ष अरूण कुमार, चेयरमैन कमल नोपानी सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।





