फॉण्ट कनवर्टर NEW

गम्हरिया में दिनदहाड़े युवक की निर्मम हत्या, धारदार हथियार से मौत के बाद दहशत

Jamshedpur News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलायडीह स्थित शीतला मंदिर के समीप शनिवार दोपहर एक युवक की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलायडीह स्थित शीतला मंदिर के समीप शनिवार दोपहर एक युवक की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान गोप पाड़ा निवासी 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार दोपहर करीब एक बजे चार से पांच हमलावरों ने जगन्नाथ पर अचानक हमला कर दिया। धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी की।

मृतक के भाई सोनू गोप ने हत्या के लिए शिवम प्रामाणिक, शिबू और गणेश समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाया है। उनके अनुसार शनिवार सुबह किसी बात को लेकर जगन्नाथ और गणेश के बीच विवाद हुआ था। इसके कुछ देर बाद प्रेम नायक उसे घर से बुलाकर ले गया, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।

परिजनों के अनुसार जगन्नाथ गोप का परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा था। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसकी पत्नी पार्वती गोप का निधन हो चुका था। वह अपने पीछे आठ वर्षीय पुत्र रीतेश गोप और दो वर्षीय पुत्री रेशमी गोप को छोड़ गया है। घटना के बाद दोनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram