रांची: ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में झारखंड सरकार ने एक और कदम बढ़ाया है। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने रांची के रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय परिसर में पलाश दीदी कैफे का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के दौरान मंत्री ने कहा कि यह कैफे सिर्फ झारखंड के पारंपरिक व्यंजनों का केंद्र नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के हुनर और मेहनत को पहचान दिलाने का भी माध्यम है। महिलाओं को प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें आर्थिक सहायता और ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। अब उनके उत्पादों और सेवाओं को बाजार से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
पलाश से उत्पादों को मिल रहा बाजार
मंत्री ने कहा कि पलाश के जरिए स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय और पारंपरिक उत्पाद तैयार कर रही हैं। इन उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ बेहतर पहचान और उचित कीमत दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
सरकारी कार्यक्रमों और विभिन्न संस्थानों में भी पलाश से जुड़े उत्पादों और खाद्य सामग्री को प्राथमिकता देने की दिशा में काम किया जा रहा है।
राज्यभर में खुलेंगे पलाश दीदी कैफे
सरकार की योजना पलाश दीदी कैफे को पूरे झारखंड में विस्तार देने की है। इससे ग्रामीण महिलाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही झारखंड के पारंपरिक खान-पान और स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा मिलेगा।
छह महीने में खुलेगा पलाश मार्ट
मंत्री ने बताया कि पलाश के विस्तार के अगले चरण में रांची में राज्य का पहला पलाश मार्ट शुरू किया जाएगा। इसे अगले छह महीने में शुरू करने का लक्ष्य है। इसके अलावा भगवान बिरसा जैविक उद्यान में भी जल्द एक नया पलाश दीदी कैफे शुरू किया जाएगा।




