Palamu News: पलामू में पुलिस विभाग की सख्ती एक बार फिर देखने को मिली है। शराब के नशे में सरकारी पिस्टल गुम करने के मामले में पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन ने कड़ा रुख अपनाते हुए टाइगर मोबाइल में तैनात जवान बैजनाथ प्रसाद यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
SP रिष्मा रमेशन ने साफ शब्दों में कहा कि यह मामला किसी प्रशासनिक चूक का नहीं, बल्कि जवान की व्यक्तिगत लापरवाही का है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल में अनुशासन सर्वोपरि है और इस तरह की गंभीर लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जा सकती।
इस खबर को भी पढ़ें : पलामू मुठभेड़: इनामी उग्रवादी शशिकांत के दस्ते से भिड़ंत, पुलिस ने घेरा जंगल
घटना गुरुवार देर रात करीब 12:40 बजे की है, जब जवान नशे की हालत में था। इसी दौरान उसका सरकारी पिस्टल कहीं गिर गया। मामले की जानकारी मिलते ही टीओपी-2 थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में तत्काल खोज अभियान चलाया गया।
काफी प्रयास के बाद स्टेशन रोड स्थित नगर निगम की एक दुकान के पास से सरकारी पिस्टल को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस ने राहत की बात बताते हुए कहा कि गुम हुआ हथियार किसी भी आपराधिक घटना में इस्तेमाल नहीं हुआ। SP ने यह भी स्पष्ट किया कि पलामू पुलिस आम जनता की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में ऐसी लापरवाही पर और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।



