Palamu News: मेदिनीनगर के गांधी मैदान में शनिवार रात आयोजित डांडिया नाइट कार्यक्रम में अचानक हंगामा हो गया। प्रवेश द्वार पर बाउंसर और पब्लिक के बीच मारपीट की नौबत आ गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाउंसरों ने पब्लिक के साथ हाथापाई की और माहौल बिगड़ने लगा।

स्थिति को गंभीर होते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और बीच-बचाव कर विवाद को शांत कराया। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो स्थिति और भी खतरनाक हो सकती थी।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि गेट पर बिना पास कुछ लोगों को अंदर प्रवेश दिलाया जा रहा था, जिससे विवाद शुरू हुआ। वहीं, मैदान में पहले से ही क्षमता से अधिक भीड़ मौजूद थी। यह स्थिति किसी बड़े हादसे का रूप ले सकती थी। हालांकि पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए हालात को नियंत्रण में ले लिया और कार्यक्रम को शांति पूर्वक आगे बढ़ाया।

कार्यक्रम में झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, पलामू सांसद विष्णुदयाल राम, पांकी विधायक शशिभूषण मेहता, प्रथम महापौर अरुणा शंकर और पलामू चेंबर अध्यक्ष आनंद शंकर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

इस बीच, डांडिया नाइट में सोशल मीडिया स्टार अंजलि अरोड़ा ने भी अपनी प्रस्तुति दी, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। हालांकि, गेट पर हुई झड़प ने कार्यक्रम की चमक को फीका कर दिया।

Share.
Exit mobile version