Washington, USA: अमेरिका में स्कूलों के भीतर गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ओरेगन राज्य के बेंड शहर स्थित ‘सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल’ (Silver Rail Elementary School) में गुरुवार दोपहर हुई भीषण गोलीबारी में बच्चों समेत कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी दहशत फैल गई। पुलिस ने पुष्टि की है कि संदिग्ध हमलावर भी मौके पर मारा गया है, हालांकि यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतकों के शुरुआती आंकड़े में हमलावर शामिल है या नहीं।
स्कूल के बाहर कार पर फायरिंग से शुरू हुआ खूनी खेल
अधिकारियों के अनुसार, स्थानीय समयानुसार गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे पुलिस को सूचना मिली कि स्कूल के बाहर खड़ी एक कार पर गोलियां चलाई जा रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची। इसी बीच स्कूल के अंदर से भी लगातार इमरजेंसी कॉल्स आने लगे, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिस के दाखिल होने के कुछ ही देर बाद हमलावर स्कूल के अंदर मृत पाया गया। यह जांच का विषय है कि उसे पुलिस ने ढेर किया, किसी अन्य व्यक्ति ने जवाबी कार्रवाई की या उसने खुद को गोली मार ली।
मृतकों में मासूम बच्चे भी शामिल, आंकड़े बढ़ने की आशंका
बेंड पुलिस प्रवक्ता ने भावुक होते हुए इस घटना को बेहद दुखद और विनाशकारी बताया। उन्होंने पुष्टि की कि हताहतों में मासूम बच्चे भी शामिल हैं। कानून प्रवर्तन एजेंसियों से जुड़े सूत्रों का कहना है कि यह केवल शुरुआती आंकड़ा है और जांच आगे बढ़ने के साथ मृतकों व घायलों की संख्या में बदलाव हो सकता है।
स्कूल में तत्काल लॉकडाउन, सुरक्षित निकाले गए लोग
गोलीबारी की घटना के तुरंत बाद ‘बेंड-ला पाइन स्कूल डिस्ट्रिक्ट’ ने स्कूल को पूरी तरह से लॉकडाउन कर दिया। पुलिस और स्वात (SWAT) टीमों ने स्कूल के एक-एक कमरे की सघन तलाशी ली और अंदर फंसे सभी बच्चों व शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दर्दनाक वारदात ने एक बार फिर अमेरिका में गन कल्चर और शैक्षणिक संस्थानों की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





