Patna: बिहार में दो बड़े कोचिंग संचालकों के बीच चल रहा विवाद अब एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव नेपाल के एक होटल के कमरे से बरामद किया गया है। प्रिंस के साथियों का दावा है कि दवा की ओवरडोज (ज्यादा खुराक) लेने की वजह से उनकी जान गई है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। इस बीच, इस हाई-प्रोफाइल मामले में सियासत भी गरमा गई है और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे व पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव ने मशहूर शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर पर प्रिंस की हत्या करवाने का सीधा और गंभीर आरोप मढ़ दिया है।

Read more:  पटना से बड़ी खबर: खान सर पहुंचे कोर्ट, वकील बोले- जानबूझकर फंसाया गया

तेजप्रताप का बड़ा बयान— “खान सर ने ही कराई हत्या”

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, तेजप्रताप यादव ने इस घटना पर दुख जताते हुए खान सर पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “हम तो यही कहेंगे कि यह बेहद दुखद घटना है। इस तरह की वारदात बिल्कुल नहीं होनी चाहिए थी। अगर इस मामले में किसी पर उंगली उठती है या आरोप लगेगा, तो हम सीधे खान सर पर लगाएंगे। क्योंकि उन्होंने ही यह हत्या करवाने का काम किया है।” तेजप्रताप ने आगे एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा, “जो व्यक्ति अपने ही आदमी को कहकर खुद पर गोली चलवा सकता है, वह किसी की हत्या क्यों नहीं करवा सकता? हमें पूरा यकीन और भरोसा है कि इस हत्या के पीछे खान सर का ही हाथ है।”

ओवरडोज या साजिश? दोस्तों का आया बयान

आपको बता दें कि ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव का शव रविवार को नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल के कमरे से मिला था। घटना के वक्त उनके साथ होटल में रुके दोस्तों से पूछताछ का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में युवक दावा कर रहे हैं कि प्रिंस पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। वह नियमित रूप से दवाएं लेते थे और सो जाते थे। पिछले कुछ दिनों से वह दवाइयों की भारी खुराक (हैवी डोज) ले रहे थे, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। हालांकि, नेपाल और बिहार पुलिस की जांच के बाद ही मौत की असली वजह पूरी तरह साफ हो पाएगी।

फायरिंग कांड से शुरू हुआ था विवादों का यह खेल

इस पूरे विवाद की शुरुआत बीते 2 जून को पटना में हुई एक फायरिंग की घटना से हुई थी। उस वक्त ‘खान ग्लोबल एकेडमी’ की ओर से ‘ज्ञान बिंदु कोचिंग’ के सुरक्षाकर्मियों पर हवाई फायरिंग करने का आरोप लगाया गया था। इस मामले में ज्ञान बिंदु के संचालक रौशन आनंद, उनके भाई प्रिंस और अन्य सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 3 जून को रौशन आनंद और उनके दो बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

Read more: एफआईआर को बताया गलत, कोर्ट पहुंचे वकील; खान सर की गिरफ्तारी पर नजरें

लेकिन इसके बाद जांच के दौरान सामने आए एक सीसीटीवी वीडियो ने पूरे केस का पासा ही पलट दिया। उस वीडियो में खान सर के खुद के बॉडीगार्ड हवाई फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद खान सर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई और उनके दो बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार किया गया। हालांकि, इस मामले में खान सर को अदालत से अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि दूसरे पक्ष के रौशन आनंद को भी सोमवार को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। फिलहाल, प्रिंस की संदिग्ध मौत ने इस कानूनी लड़ाई को एक नया और खतरनाक रूप दे दिया है।

Read more: पटना में खान सर की कोचिंग के बाहर फायरिंग, देर रात मचा हड़कंप

Share.
Exit mobile version