Jamshedpur News: करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या के बाद उपजा विवाद बुधवार को और गहरा गया। तड़के एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिजनों ने शव लेने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना है कि उनकी सहमति और मौजूदगी के बिना पोस्टमार्टम कराए जाने से वे आहत हैं और जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक शव स्वीकार नहीं करेंगे।

परिजनों के इस फैसले के बाद आदित्यपुर स्थित हरिओम नगर आवास पर माहौल बेहद संवेदनशील बना हुआ है। सुबह से ही बड़ी संख्या में रिश्तेदार, समर्थक और स्थानीय लोग वहां पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी लगातार पीड़ित परिवार से मुलाकात कर रहे हैं और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दे रहे हैं। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी मृतक के आवास पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों का समर्थन किया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने हरिओम नगर और आसपास के इलाकों को सुरक्षा घेरे में ले लिया है। बड़ी संख्या में पुलिस बल, क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) और अन्य सुरक्षा जवानों की तैनाती की गई है। पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

दूसरी ओर, प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार परिजनों से बातचीत कर गतिरोध समाप्त करने का प्रयास कर रहे हैं। सरायकेला के एसडीओ अभिनव प्रकाश, सिटी एसपी ललित मीना, ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेलवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन की ओर से परिवार को समझाने की कोशिश जारी है, जबकि परिजन दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े हुए हैं।

हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर शहर में लोगों की नजरें प्रशासन और सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। फिलहाल शव को लेकर बना गतिरोध समाप्त नहीं हो सका है और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

Share.
Exit mobile version