फॉण्ट कनवर्टर NEW

सुनसरी में नहीं थमा तनाव, भारत सीमा से सटे इलाके में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू

नेपाल के सुनसरी जिले में दो धार्मिक समुदायों के जुलूस के दौरान भड़की हिंसा में एक व्यक्ति की मौत और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। प्रशासन ने कर्फ्यू अनिश्चितकाल तक बढ़ा दिया है।

अपनी भाषा में पढ़ें

Kathmandu, Nepal: भारत की सीमा से सटे नेपाल के सुनसरी जिले में दो धार्मिक समुदायों के जुलूस और उत्सव के दौरान शुरू हुए विवाद के हिंसक झड़प में बदलने के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि सुरक्षाकर्मियों समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय प्रशासन ने पहले से लागू कर्फ्यू को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाते हुए उसका दायरा भी बढ़ा दिया है। जानकारी के अनुसार, रविवार को सुनसरी जिले के कप्तानगंज क्षेत्र में दो धार्मिक समुदायों के जुलूस और उत्सव के दौरान विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

Read more: डीजे और धार्मिक झंडे को लेकर सुनसरी में बवाल, युवक की मौ’त के बाद कर्फ्यू

पुलिस की गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। हालात को देखते हुए सोमवार से क्षेत्र में कर्फ्यू लागू किया गया था। मंगलवार देर रात प्रशासन ने इसकी अवधि को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया।

प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हिंसा में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने प्रभावित लोगों को मुआवजा देने और हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। उन्होंने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

इन इलाकों तक बढ़ाया गया कर्फ्यू

स्थानीय प्रशासन ने मंगलवार रात नई अधिसूचना जारी कर कर्फ्यू का दायरा बढ़ा दिया। अब यह आदेश इटहरी उप-महानगरपालिका के वार्ड 16 और 17 तथा रामधुनी नगरपालिका के वार्ड 1 और 5 में भी प्रभावी रहेगा। इसके अलावा इनारुवा, दुहाबी, भोक्राहा नरसिंह, कोसी, गढ़ी, देवानगंज, हरिहर और बरजू गांवपालिकाओं को भी कर्फ्यू के दायरे में रखा गया है। इन क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही और सार्वजनिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है।

भारत की सीमा से सटा है सुनसरी जिला

सुनसरी जिला दक्षिण-पूर्वी नेपाल में भारत के बिहार से सटा एक महत्वपूर्ण सीमा क्षेत्र है। इसे भारत और नेपाल के बीच व्यापार एवं आवागमन का प्रमुख गलियारा माना जाता है। प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram