New Delhi: मेडिकल पीजी में दाखिले के लिए NEET-PG 2026 परीक्षा रविवार को आयोजित की जाएगी। देशभर के 340 शहरों में बनाए गए 1,300 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में 2,73,183 उम्मीदवारों के शामिल होने की उम्मीद है। परीक्षा एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी।
Read more: NEET-UG CBT पर अभी नहीं हुआ अंतिम फैसला, केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में दी जानकारी
340 शहरों में 1300 परीक्षा केंद्र तैयार
नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन्स इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने 26 अगस्त को NEET-PG 2026 का एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया था। इस बार परीक्षा के लिए कुल 2,73,183 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 12.5 प्रतिशत से अधिक है। NEET-PG क्वालिफाई करने के बाद उम्मीदवार सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में पोस्ट-ग्रेजुएट मेडिकल कोर्स में दाखिला ले सकते हैं। इसके तहत MD (Doctor of Medicine) और MS (Master of Surgery) जैसे पाठ्यक्रमों में प्रवेश का रास्ता खुलता है।
180 सवाल, 210 मिनट में देना होगा जवाब
इस साल उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा पैटर्न में बदलाव किया गया है। अब अभ्यर्थियों को 210 मिनट में 180 सवालों के जवाब देने होंगे। इस बदलाव का उद्देश्य उम्मीदवारों को प्रत्येक प्रश्न के लिए पहले की तुलना में अधिक समय उपलब्ध कराना है।
परीक्षा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और उम्मीदवारों की तलाशी की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा सिग्नल जैमर, डायनेमिक कंप्यूटर आवंटन और केंद्रीय एवं क्षेत्रीय कमांड सेंटरों के जरिए लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए 60,000 से अधिक परीक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
Read more: साल 2027 में 6 दिन तक चलेगी नीट परीक्षा; पूरी तरह कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट होगा
नड्डा ने तैयारियों की समीक्षा की
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने NEET-PG 2026 की तैयारियों का जायजा लिया था। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू, सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के निर्देश दिए। नड्डा ने उम्मीदवारों से परीक्षा को लेकर फैलने वाली अफवाहों और धोखाधड़ी वाले दावों से सावधान रहने की अपील भी की। उन्होंने बताया कि फाइनल प्रश्न पत्र परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले सुरक्षित, एन्क्रिप्टेड और समय-सीमा वाली प्रक्रिया के जरिए चुना जाता है। इस पूरी प्रक्रिया में कई स्तरों पर तकनीकी और ऑपरेशनल सुरक्षा उपाय किए जाते हैं।
सिर्फ आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की सलाह
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने उम्मीदवारों से कहा कि वे NEET-PG से जुड़ी जानकारी के लिए केवल NBEMS और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनुचित तरीके के प्रयास की तत्काल सूचना देने की भी अपील की।
परीक्षा केंद्र चुनने में भी बदलाव
NEET-PG 2026 के लिए उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र के लिए तीन राज्यों का विकल्प चुनने की सुविधा दी गई थी। हालांकि, पत्राचार वाले राज्य को पहली प्राथमिकता के तौर पर चुनना अनिवार्य किया गया था। अब रविवार को होने वाली परीक्षा के लिए देशभर के 1,300 केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।




