Chaibasa: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में एक बार फिर नक्सलियों का आतंक लौट आया है। प्रतिरोध सप्ताह के दौरान शनिवार की देर रात नक्सलियों ने जराईकेला थाना क्षेत्र के कोलबोंगा गांव में स्थित एयरटेल कंपनी के मोबाइल टावर को निशाना बनाते हुए आग के हवाले कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, करीब बीस की संख्या में हथियारबंद नक्सली देर रात गांव पहुंचे। उन्होंने टावर के नीचे रखे उपकरणों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कुछ ही मिनटों में पूरा टावर सेटअप जलकर राख हो गया। घटना के बाद नक्सलियों ने इलाके में जमकर नारेबाजी की और ग्रामीणों को चेतावनी देते हुए वहां से भाग निकले।
ग्रामीणों का कहना है कि नक्सली इस हमले के जरिए इलाके की संचार व्यवस्था ठप करना चाहते हैं, ताकि सुरक्षा बलों की गतिविधियों की जानकारी बाहर न जा सके। घटना के बाद कोलबोंगा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। लोग अब घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं।
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस और सुरक्षा बलों की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि नक्सलियों की इस हरकत के पीछे उनका मकसद डर फैलाना और अपनी उपस्थिति दर्ज कराना है।
जानकारी के अनुसार, 8 से 14 अक्टूबर तक नक्सलियों ने प्रतिरोध सप्ताह घोषित किया है। इसी दौरान यह उनकी अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। इससे पहले भी सारंडा इलाके में नक्सली गतिविधियां बढ़ी हैं। हाल ही में नक्सलियों ने तीन जगहों पर आईईडी विस्फोट कर सुरक्षा बलों को निशाना बनाया था, जिसमें एक जवान की मौत हो गई थी जबकि दो अन्य घायल हुए थे।
इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।



