Bokaro News: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का विधिवत शुभारंभ गुरुवार को बोकारो स्टील सिटी के नया मोड़ से किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, और जिला परिवहन पदाधिकारी मारूति मिंज ने तीन सड़क सुरक्षा जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों में भ्रमण कर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत करेगा।

उपायुक्त ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानव जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा, “हमारी थोड़ी-सी सावधानी किसी अन्य व्यक्ति को सुरक्षित घर पहुंचाने में मदद कर सकती है। सड़क अनियंत्रित गति के लिए नहीं है, तेज रफ्तार और लापरवाही दुर्घटनाओं का मुख्य कारण हैं। वाहन चलाने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना जिम्मेदारी का प्रतीक है।”

इस खबर को भी पढ़ें : जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा माह–2026 का शुभारंभ, रथ को हरी झंडी

उपायुक्त ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे इस एक माह में कम से कम 10 लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि समाज का हर वर्ग इसमें भाग ले तब ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

सोशल मीडिया को सक्रिय करते हुए उपायुक्त ने आमजन से कहा कि वे सड़क सुरक्षा से संबंधित सेल्फी और फोटो #BokaroSeJohar और #RoadSafetyBokaro हैशटैग के साथ साझा करें। इससे अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में 10 प्रशिक्षु आइएएस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, जनसंपर्क और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने सभी ने सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जनवरी 2026 को “जीरो फेटेलिटी मंथ” के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु और गंभीर चोटों को शून्य के करीब लाने का लक्ष्य रखा गया है। महीने भर रैली, जन-संवाद, स्वास्थ्य जांच शिविर, स्कूल-कॉलेज कार्यशालाएं, ब्लैक स्पॉट सुधार, सुरक्षित ड्राइविंग प्रशिक्षण और गुड समैरिटन पॉलिसी जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

उपायुक्त ने नव वर्ष 2026 की भी शुभकामनाएं दी और सभी से अपील की कि वे सुरक्षित, संयमित और आनंदपूर्वक नव वर्ष मनाएं।

Share.
Exit mobile version