फॉण्ट कनवर्टर NEW

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस: अस्पतालों और दफ्तरों में मिले हथकरघा कपड़ों को प्राथमिकता

रांची में बुनकरों के विकास पर मंथन, छोटानागपुर हथकरघा यूनियन का सरकार से आग्रह, सरकारी संस्थानों में हथकरघा उत्पादों की खरीद की मांग

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर शुक्रवार को इरबा (रांची) स्थित ‘छोटानागपुर हैंड loom एंड खादी वीवर्स कोऑपरेटिव यूनियन लिमिटेड’ के सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मंजूर अहमद अंसारी ने की, जिसमें विभिन्न हथकरघा समितियों के अध्यक्षों, प्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मंजूर अहमद अंसारी ने देश और राज्य में बुनकरों की वर्तमान आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने राज्य सरकार से पुरजोर मांग की कि सरकारी अस्पतालों, सरकारी विभागों और प्रशासनिक कार्यालयों में हथकरघा कपड़ों की खरीद व उपयोग को अनिवार्य या प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इससे बुनकरों को न केवल नियमित रोजगार मिलेगा, बल्कि उनके तैयार उत्पादों के लिए एक स्थाई बाजार भी उपलब्ध हो सकेगा।
अंसारी ने कहा कि हथकरघा उद्योग सिर्फ एक व्यापार नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत और लाखों परिवारों की आजीविका का मुख्य आधार है। इसलिए इसके संरक्षण और प्रोत्साहन के लिए सरकार को ठोस नीतियां बनाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम का संचालन यूनियन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) इश्तियाक अहमद ने किया। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए हथकरघा उत्पादों के उत्पादन और विपणन को गति देने पर जोर दिया। इस अवसर पर शरीफ अंसारी, अनवार अहमद अंसारी, फिरोज अंसारी, नसीम अहमद, परवेज आलम और इरफान अंसारी समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram