Bokaro news :- भारतीय तीरंदाजी संघ (AAI) ने अपने आधिकारिक आदेश पत्र संख्या : AAI/Units/NTPC-NRAT/2026-27/2 के माध्यम से झारखंड तीरंदाजी संघ की देखरेख में ‘2nd NTPC नेशनल रैंकिंग तीरंदाजी टूर्नामेंट’ की राष्ट्रीय मेजबानी इस बार बोकारो जिला तीरंदाजी संघ को सौंपी है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 18 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक आयोजित होना सुनिश्चित हुई है। यह आयोजन बोकारो के मोहन कुमार मंगलम खेल स्टेडियम में आयोजित होगी।
इस भव्य राष्ट्रीय आयोजन में देश के कोने-कोने से शीर्ष तीरंदाज, राष्ट्रीय कोच, देश का प्रतिनिधित्व करने वाले ओलंपियन्स और भारतीय तीरंदाजी संघ (AAI) के वरिष्ठ तकनीकी पदाधिकारी भाग लेने बोकारो आ रहे हैं। इतने बड़े पैमाने के राष्ट्रीय खेल आयोजन से न सिर्फ झारखंड बल्कि बोकारो स्टील सिटी की खेल संपदा का गौरव भी पूरे देश में बढ़ेगा। इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 700 से अधिक अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय तीरंदाजों व तकनीकी पदाधिकारियों का जमावड़ा लगेगा।
इस आशय की जानकारी देते हुए बोकारो जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष डॉ लंबोदर महतो ने बताया कि यह सौभाग्य की बात है कि इतने बड़े राष्ट्रीय स्तर के तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन इस बार बोकारो जिला में हो रहा है। उन्होंने बताया कि इसकी तैयारी व रूपरेखा को लेकर दिनांक 26.06.2026 को बोकारो सर्किट हाउस में बैठक की गई। बैठक के उपरांत बोकारो जिला तीरंदाजी संघ के पदाधिकारियों ने उक्त प्रतियोगिता के आयोजन स्थल मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम बोकारो का जायजा लेते हुए उक्त स्टेडियम के विधि व्यवस्था, सुरक्षा, खेल मैदान से लेकर उपलब्ध तमाम संसाधनों की जानकारी ली।
सचिव एंजेला सिंह ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता में सब जूनियर, जूनियर, ओलिम्पिक मेडलिस्ट एवं सीनियर खिलाड़ियों का एक साथ महाकुंभ देखने को मिलेगा। इस तरह के आयोजन से बोकारो में खेल का नया माहौल बनेगा, यहां से भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलकर देश व पूरी दुनिया में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
मौके पर बोकारो जिला तीरंदाजी संघ के कोषाध्यक्ष व राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रशिक्षक करण कुमार कर्मकार, वरीय उपाध्यक्ष अजय सिंह व शेखर शरदेंदु, उपाध्यक्ष लोकेश दे, चंडी चटर्जी, राजीव पोद्दार, प्रकाश कुमार पापे, अमित कुमार सिंह, अनिता देवी, बुद्धेश्वर मुर्मू, चीकू लाला, गोविंद पात्रा, दीपक सवैया, हरिचरण सिरका, रामविनोद सिंह, वंकिम चंद्र सिंह, वंकिम चंद्र हेंब्रम व अन्य कई पदाधिकारी व सदस्य समेत आर्चरी मौजूद थे।
