Lohardaga News: दुमका में सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन से पूरे इलाके को शोक में डुबो देने वाले सब-इंस्पेक्टर हेमंत भगत को अंतिम विदाई दी गई। इस दुखद अवसर पर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने भंडरा प्रखंड स्थित उनके पैतृक गांव पोढ़ा तरिगन टोली पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि एसआई हेमंत भगत एक अत्यंत मिलनसार, कर्तव्यनिष्ठ और संवेदनशील व्यक्तित्व के धनी थे। उनका असमय निधन न केवल परिवार के लिए बल्कि समाज और पुलिस विभाग के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया और कहा कि इस कठिन घड़ी में वे स्वयं और पूरी कांग्रेस पार्टी परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि दिवंगत हेमंत भगत के परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाली सभी सुविधाएं और सहायता यथासंभव दिलवाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। गौरतलब है कि बीते दिनों दुमका में हुए एक सड़क हादसे में एसआई हेमंत भगत की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अंतिम संस्कार के दौरान सांसद सुखदेव भगत के अलावा पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारी, फुलदेव उरांव, राधेश्याम साहू, संजय उरांव, तपेश्वर लोहरा, दिनेश उरांव, राजेश साहू, सुमित उरांव, राजू उरांव, बुद्धेश्वर भगत, सोहराय भगत, करमचंद भगत, प्रेमचंद उरांव, विश्वनाथ भगत, भीखु उरांव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



