जारी (गुमला)। जारी प्रखंड के नवनियुक्त सांसद प्रतिनिधि जाकिर अंसारी ने मंगलवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा एवं अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रखंड कार्यालय पहुंचने पर बीडीओ यादव बैठा और सीओ दिनेश गुप्ता ने सांसद प्रतिनिधि जाकिर अंसारी को माला पहनाकर सम्मानित किया तथा मुंह मीठा कराकर उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कार्यालय परिसर में सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला। मुलाकात के दौरान सांसद प्रतिनिधि जाकिर अंसारी और अधिकारियों के बीच प्रखंड क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। जाकिर अंसारी ने कहा कि उनका प्राथमिक लक्ष्य क्षेत्र की जनसमस्याओं का समाधान करना और केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए तथा आम लोगों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी जा सकती है। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा और अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता ने सांसद प्रतिनिधि को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि के साथ जारी प्रखंड के कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने जाकिर अंसारी को गुलदस्ता भेंट कर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे तथा जनता की समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।

Share.
Exit mobile version