धनबाद: विधायक जयराम महतो को धनबाद की विशेष MP-MLA अदालत से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने सोमवार को उनकी अग्रिम जमानत याचिका मंजूर कर ली। इससे मामले में उनकी गिरफ्तारी का खतरा फिलहाल टल गया है।
इससे पहले गुरुवार को मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस ने अदालत के निर्देश पर केस डायरी पेश की थी। अदालत ने जयराम महतो, अन्य आरोपियों और अभियोजन पक्ष की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।
बरवाअड्डा थाने में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मामला बरवाअड्डा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। थाना प्रभारी रवि कुमार के बयान पर जयराम महतो, सुशील मंडल और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद आरोपियों ने अग्रिम जमानत के लिए अदालत का रुख किया था।
थाना प्रभारी से बातचीत का ऑडियो हुआ था वायरल
मामले के दौरान विधायक जयराम महतो और बरवाअड्डा थाना प्रभारी के बीच बातचीत का एक ऑडियो भी वायरल हुआ था। जयराम महतो ने कहा था कि उनकी थाना प्रभारी से करीब 11 मिनट बातचीत हुई थी, जबकि वायरल ऑडियो में केवल करीब दो मिनट की बातचीत थी।
इस मामले में एक पंचायत मुखिया के बेटे की शिकायत पर भी विधायक और अन्य लोगों के खिलाफ अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस एसोसिएशन ने स्थगित किया था आंदोलन
मामले को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने आंदोलन की घोषणा की थी। हालांकि, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद राज्य में शोक के माहौल को देखते हुए एसोसिएशन ने अपना प्रस्तावित आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया था।



