Health Desk: ब्रेन स्ट्रोक अक्सर अचानक होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्या मानी जाती है, लेकिन कई मामलों में शरीर पहले ही इसके संकेत देने लगता है। विशेषज्ञों का कहना है कि बड़े ब्रेन स्ट्रोक से पहले कई लोगों को ट्रांजिएंट इस्केमिक अटैक (टीआईए) यानी मिनी स्ट्रोक होता है। इसे हल्के में लेना खतरनाक साबित हो सकता है, क्योंकि समय पर इलाज न मिलने पर भविष्य में बड़े स्ट्रोक का खतरा काफी बढ़ जाता है।
Read more: जरा सी लापरवाही पड़ी भारी, 42 साल के शख्स को पड़ा मिनी स्ट्रोक
मिनी स्ट्रोक तब होता है, जब मस्तिष्क की किसी रक्त वाहिका में कुछ समय के लिए रुकावट आ जाती है। इससे मस्तिष्क को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती। हालांकि अधिकांश मामलों में इसके लक्षण 24 घंटे के भीतर खत्म हो जाते हैं, लेकिन डॉक्टर इसे शरीर की गंभीर चेतावनी मानते हैं।
मिनी स्ट्रोक के इन लक्षणों पर तुरंत दें ध्यान
विशेषज्ञों के अनुसार, शरीर के एक हिस्से, खासकर चेहरे, हाथ या पैर में अचानक सुन्नता या कमजोरी महसूस होना मिनी स्ट्रोक का प्रमुख संकेत हो सकता है। इसके अलावा बोलने में परेशानी होना, शब्दों का सही उच्चारण न कर पाना, बातचीत के दौरान भ्रम की स्थिति, अचानक याददाश्त कमजोर होना, एक या दोनों आंखों से धुंधला दिखाई देना या नजर कम होना भी इसके लक्षण हो सकते हैं।
इसके साथ ही चक्कर आना, शरीर का संतुलन बिगड़ना और चलने-फिरने में कठिनाई महसूस होना भी ऐसी स्थिति की ओर इशारा कर सकता है।
समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली है बचाव का सबसे बेहतर तरीका
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यदि ऐसे लक्षण कुछ मिनटों या घंटों बाद अपने आप ठीक भी हो जाएं, तब भी तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए। समय पर उपचार से भविष्य में होने वाले गंभीर ब्रेन स्ट्रोक के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
विशेषज्ञ स्ट्रोक की रोकथाम के लिए संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हैं। कम नमक, कम वसा और अधिक फाइबर वाला आहार रक्त वाहिकाओं को स्वस्थ रखने में मदद करता है। नाशपाती, स्ट्रॉबेरी और एवोकाडो जैसे पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ हृदय और मस्तिष्क के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माने जाते हैं। इसके अलावा नियमित व्यायाम, धूम्रपान से दूरी, रक्तचाप और मधुमेह को नियंत्रित रखना भी स्ट्रोक के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
नोट: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य जानकारी पर आधारित है। यदि ऊपर बताए गए कोई भी लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत चिकित्सक या नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।




