Jamshedpur News:  विश्व ध्यान दिवस के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ संस्था ने सायं 4:30 से 7:00 बजे तक यूनिवर्सल पीस पैलेस रिट्रीट सेंटर, मरीन ड्राइव, सोनारी में एक अत्यंत शांतिपूर्ण और प्रेरणादायी ध्यान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया। इस कार्यक्रम ने शहरवासियों को तनावपूर्ण जीवन में ध्यान के महत्व से रूबरू कराया।मुख्य अतिथियों में डॉ. निर्मला शुक्ला, अध्यक्ष – आदर्श सेवा संस्थान; प्रभा जायसवाल एवं सुमित्रा पडिया, सचिव – आदर्श सेवा संस्थान; तथा झारखंड के प्रसिद्ध फिल्म निर्माता संजय सेठिया (झारखंड फिल्म्स, सौभाग्य मीडिया) की गरिमापूर्ण उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन बीके निशांत भाई ने कुशलतापूर्वक किया। ब्रह्माकुमारीज़ जमशेदपुर एवं कोल्हान क्षेत्र प्रमुख अंजू दीदी ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने संस्था का संक्षिप्त परिचय कराया और नियमित ध्यान के महत्व पर सभी को प्रेरित किया।इसके बाद बीके प्रियंका बहन ने बताया कि हमारे शरीर की 90 प्रतिशत बीमारियां मन की कमजोरी से उत्पन्न होती हैं। इसलिए मानसिक स्वास्थ्य के लिए नियमित मेडिटेशन आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मन को नियंत्रित करने वाली शक्ति आत्मा है, जो मन की मालिक है। आत्मा को शक्तिशाली बनाने का एकमात्र साधन राजयोग मेडिटेशन है, जिसमें आत्मा अपनी बुद्धि को परमात्मा से जोड़ती है और निरंतर शक्तियों का प्रवाह अनुभव करती है। यह सर्वश्रेष्ठ योग है जो समग्र कल्याण प्रदान करता है।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आज के तेज़-तर्रार और तनावग्रस्त जीवन में ध्यान के लाभों तथा व्यावहारिक विधियों के प्रति जागरूकता फैलाना था। विचारोत्तेजक वक्तव्यों के जरिए प्रतिभागियों को मानसिक शांति, एकाग्रता, भावनात्मक संतुलन और समग्र विकास के लिए सरल ध्यान तकनीकों से परिचित कराया गया। अंजू दीदी के गाइडेड कमेंट्री के साथ ध्यान सत्र और उसके बाद सामूहिक ध्यान ने वातावरण को शक्तिशाली, शांत एवं सकारात्मक बना दिया। इस साधना से सभी ने गहन आंतरिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और नई ताजगी का अनुभव किया।मुख्य अतिथियों ने ब्रह्माकुमारीज़ के मानसिक स्वास्थ्य, जीवन मूल्यों और आध्यात्मिक शिक्षा के प्रयासों की हार्दिक सराहना की। उन्होंने कहा कि ध्यान शांतिपूर्ण समाज और सामंजस्यपूर्ण विश्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम शांति, एकता एवं आत्म-परिवर्तन के संदेश के साथ समापन हुआ, जिससे प्रतिभागी ध्यान को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित हुए।अंत में बताया गया कि नियमित ध्यान अभ्यास को मजबूत करने के लिए नजदीकी सेवा केंद्र से संपर्क करें। राजयोग मेडिटेशन का सात दिवसीय कोर्स ब्रह्माकुमारीज़ के किसी भी सेवा केंद्र पर प्रतिदिन एक घंटे के लिए निःशुल्क सिखाया जाता है।

Share.
Exit mobile version