Khuntapane news: खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत ईचचिंग गांव में गुरुवार 19 फरवरी 2026 को सामाजिक विवाद के समाधान को लेकर ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक करीब पांच घंटे तक गांव के चबूतरा में चली।
जानकारी के अनुसार मागे पोरोब के बाद 16 फरवरी की शाम गांव के कुछ युवाओं द्वारा डीजे साउंड सिस्टम लाया गया था। इस पर अभिभावकों ने युवाओं को समझाने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि गांव के कुछ बुजुर्गों को जान से मारने की धमकी देने की बात सामने आई।
विवाद के समाधान के लिए सांगाजाटा मुंडा नारायण बानरा की अध्यक्षता में ग्राम सभा बुलाई गई। बैठक का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता साधु हो ने किया। बैठक में दोनों पक्षों को अपनी-अपनी बात रखने का अवसर दिया गया। इस दौरान एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी लगाए गए।
लंबी चर्चा के बाद गांव के बुद्धिजीवी एवं समाज के वरिष्ठ लोगों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने का प्रयास किया। अंततः दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी और विवाद का समाधान किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों और गांव में आपसी सौहार्द एवं शांति बनी रहे। ग्राम सभा के इस निर्णय का ग्रामीणों ने स्वागत किया और सामाजिक एकता बनाए रखने पर जोर दिया।



