Koderama News: राज्य सरकार के मार्गदर्शन में वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 को बेहतर एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, कोडरमा द्वारा प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। प्री-बोर्ड परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली में माध्यमिक परीक्षा से संबंधित विषयों एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के वाणिज्य संकाय की परीक्षा, जबकि द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट परीक्षा के विज्ञान एवं कला संकाय की परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्री-बोर्ड के अंतर्गत वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में 6 जनवरी को अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित की गई। इसी क्रम में प्री-बोर्ड के अंतर्गत वार्षिक इंटरमीडिएट परीक्षा में 6 जनवरी को वाणिज्य, विज्ञान एवं कला संकाय के लिए अंग्रेजी (कोर) विषय की परीक्षा आयोजित की गई।
7 जनवरी को वाणिज्य संकाय से बिजनेस स्टडीज, विज्ञान संकाय से गणित तथा कला संकाय से हिंदी (इलेक्टिव), 8 को वाणिज्य संकाय से एंटरप्रेन्योरशिप, विज्ञान संकाय से भौतिकी तथा कला संकाय से इतिहास की परीक्षा आयोजित की जाएगी। आगामी 9 जनवरी को वाणिज्य संकाय से एकाउंटेंसी, विज्ञान संकाय से रसायन तथा कला संकाय से भूगोल की परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं 10 जनवरी को वाणिज्य संकाय से अर्थशास्त्र, विज्ञान संकाय से जीव विज्ञान तथा कला संकाय से अर्थशास्त्र, राजनीतिक शास्त्र की परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को निर्देश भी दिए गए। प्री बोर्ड परीक्षा के पहले दिन काफी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और परीक्षा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।



