Jamshedpur News: जमशेदपुर में सोमवार शाम मिली एक दिल दहला देने वाली खबर ने पूरे इलाके को हिला दिया। मथुरापुरी जंगल से एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला था। मंगलवार सुबह जब पहचान की प्रक्रिया पूरी हुई, तो पता चला कि यह शव 35 साल के कान्हाई महतो का है, जो पिछले पाँच दिनों से रहस्यमयी तरीके से गायब था।

घर से निकला और फिर कभी वापस नहीं आया

कान्हाई महतो मानसिक बीमारी से जूझ रहे थे, लेकिन रोजाना की तरह काटिन बाज़ार की एक गल्ला दुकान में मजदूरी कर अपना घर चला रहे थे। बुधवार की सुबह वह रोज़ की तरह शौच के लिए निकले, लेकिन लौटकर नहीं आए। परिवार वालों ने गाँव-गाँव खोजा, रिश्तेदारों से पूछा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कान्हाई पत्नी और दो बेटियों के साथ रहते थे, जबकि उनके माता-पिता अब नहीं हैं।

जंगल की ओर जाते देखा गया था

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस दिन वह गायब हुए, उसी सुबह माचा स्थित सीएचसी अस्पताल के पास कुछ चरवाहों ने उन्हें जंगल की ओर जाते देखा था। जब उनसे पूछा गया कि कहाँ जा रहे हो, तो वह बिना जवाब दिए तेज़ी से आगे बढ़ गए। यहीं से पूरा मामला पेचीदा हो गया और शक की कई परतें खुलने लगीं।

जंगल में मिली निर्जीव देह

सोमवार को चरवाहों ने जंगल में दुर्गंध महसूस की और पास जाकर देखा—एक शव पेड़ से लटका हुआ था। पुलिस को सूचना दी गई, जिसने पहुंचकर शव नीचे उतारा और उसे एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मंगलवार को परिवार ने शव की पहचान की तो माहौल गमगीन हो गया। पुलिस की शुरुआती जांच इसे आत्महत्या मान रही है, लेकिन वह सभी एंगल से मामले को देख रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी जारी है।

Share.
Exit mobile version