Chaibasa News:  गुरुद्वारा नानक दरबार चाईबासा में सिखों के पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी का शहीदी दिवस श्रद्धा और सत्कार के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

शहीदी दिवस के मौके पर स्त्री सत्संग सभा द्वारा पिछले 40 दिनों से किए जा रहे सुखमनी साहिब के पाठ का समापन बुधवार को हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर ने कहा कि पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी ने धर्म और मानवता की रक्षा के लिए 30 मई 1606 को लाहौर में शहादत दी थी। उन्होंने बताया कि तत्कालीन मुगल बादशाह के शासनकाल में गुरु अर्जन देव जी को यातनाएं देकर शहीद किया गया था।

उन्होंने कहा कि लाहौर में रावी नदी के तट पर जहां गुरु अर्जन देव जी ने शहादत दी थी, वहां गुरुद्वारा डेरा साहिब के नाम से ऐतिहासिक गुरुद्वारा स्थापित है। शहीदी दिवस के अवसर पर देश-विदेश से श्रद्धालु वहां पहुंचते हैं।

शहीदी दिवस के अवसर पर गुरुद्वारा नानक दरबार में छबील का आयोजन किया गया, जिसमें राहगीरों और लोगों के बीच चने का प्रसाद एवं ठंडा मीठा शर्बत वितरित किया गया।

इसके अलावा चाईबासा के टाटा रोड स्थित खप्परसाई फ्लाई ओवर के पास सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक, बड़ी बाजार चौक और पोस्ट ऑफिस चौक के पास भी छबील लगाकर लोगों के बीच प्रसाद एवं शर्बत का वितरण किया गया।

कार्यक्रमों के सफल आयोजन में स्त्री सत्संग सभा और युवा खालसा के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

Share.
Exit mobile version