अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : वीर क्रांतिकारी शहीद टिकैत उमराव सिंह और शहीद शेख भिखारी की 168वीं शहादत दिवस के मौके पर गुरुवार को शहीद चौक स्थित शहीद स्मारक पर भावभरी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। स्थानीय शहीद स्मारक समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में दोनों महापुरुषों के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने नम आंखों से दोनों शहीदों के त्याग, बलिदान और समाज के लिए किए गए कार्यों का स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान शहीद स्मारक समिति, रांची के सचिव विमल किशोर साहू ने कहा कि राज्य के आदिवासी और मूलवासी समाज के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान टिकैत उमराव सिंह और शेख भिखारी ने अंग्रेजों के खिलाफ आदिवासी और ग्रामीण जनता को संगठित कर संघर्ष का नेतृत्व किया। अंग्रेजी शासन से लड़ते हुए दोनों वीरों को गिरफ्तार किया गया और 11 अप्रैल 1858 को रांची के चुटिया में फांसी देकर शहीद कर दिया गया। इन्हीं की स्मृति में राजधानी में शहीद चौक की स्थापना की गई।
कार्यक्रम में प्रो. हरविंदर वीर सिंह, विमल किशोर साहू, डॉ. वंदना राय, राजेश कुमार लाल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने शहीदों की जीवनी पर प्रकाश डाला और उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

