रांची: प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के सेंट्रल कमेटी सदस्य असीम मंडल उर्फ आकाश ने पश्चिम बंगाल में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने भी उसके सरेंडर की पुष्टि की है।
असीम मंडल लंबे समय से पुलिस के लिए वांछित था और माओवादी संगठन में महत्वपूर्ण पद पर सक्रिय था। वह झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में संगठन की गतिविधियों से जुड़ा हुआ था।
2.20 करोड़ रुपये का था इनाम
असीम मंडल पर झारखंड और ओडिशा सरकार ने कुल 2.20 करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। इसमें झारखंड सरकार की ओर से 1 करोड़ रुपये और ओडिशा सरकार की ओर से 1.20 करोड़ रुपये का इनाम शामिल था।
सुरक्षा बलों के अभियान का असर
लगातार चल रहे सुरक्षा अभियानों के बीच असीम मंडल का आत्मसमर्पण सुरक्षा बलों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उसके सरेंडर से झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय माओवादी संगठन को झटका लगने की बात कही जा रही है।




