रांची : झारखंड के सारंडा क्षेत्र में सक्रिय रहे माओवादी असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद उसके दस्ते के दो और सदस्यों को बंगाल में गिरफ्तार किया गया है। दोनों की गिरफ्तारी मेदनीपुर जिले के सालबनी इलाके से हुई है।
गिरफ्तार माओवादियों में पांच लाख रुपये का इनामी सब जोनल कमांडर मंगल सिंह सरदार उर्फ मंगल महतो उर्फ समीर उर्फ पांडेय और उसकी पत्नी माल्ती शामिल हैं। मंगल सिंह मूल रूप से बंगाल के झारग्राम जिले के बेलपहाड़ी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ झारखंड के अलग-अलग थानों में 11 मामले दर्ज हैं।
मंगल सिंह की पत्नी माल्ती भी बेलपहाड़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसके खिलाफ भी झारखंड में 11 मामले दर्ज हैं। माल्ती पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित था।
जानकारी के अनुसार, झारखंड में सुरक्षा बलों के लगातार अभियान के बाद दोनों माओवादी बंगाल चले गए थे और वहां छिपकर रह रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर बंगाल एसटीएफ ने दोनों को गिरफ्तार किया।
दोनों की गिरफ्तारी के बाद झारखंड पुलिस की टीम बंगाल जाकर उनसे पूछताछ कर सकती है। पुलिस उनसे झारखंड में छिपाकर रखे गए हथियार और कारतूस के बारे में जानकारी जुटाएगी। साथ ही उनके दस्ते के अन्य सदस्यों के बारे में भी पता लगाया जाएगा।
इससे पहले 17 सितंबर को बंगाल में 2.20 करोड़ रुपये के इनामी माओवादी असीम मंडल को गिरफ्तार किया गया था। उससे पहले 15 लाख के इनामी राम प्रसाद मार्डी, उसकी पत्नी 10 लाख की इनामी मीता उर्फ नयनतारा और एक लाख के इनामी गौरी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
अब मंगल सिंह और माल्ती की गिरफ्तारी के बाद पुलिस असीम मंडल के दस्ते से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।



