लोहरदगा: घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सदर थाना क्षेत्र के कैमो महुआ टोली के समीप विगत 24 दिसंबर की रात लगभग 9:45 बजे एक फॉर्च्यूनर गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि किसी भी व्यक्ति को कोई शारीरिक क्षति नहीं पहुंची। इस संबंध में गाड़ी चालक आकाश कुमार साहु (उम्र 26 वर्ष), पिता स्वर्गीय परमेश्वर प्रसाद साहु, निवासी ग्राम सेन्हा, थाना सेन्हा, जिला लोहरदगा ने लोहरदगा सदर थाना प्रभारी को आवेदन देकर सन्हा दर्ज करने का अनुरोध किया है। आवेदन में चालक ने बताया है कि वह फॉर्च्यूनर गाड़ी संख्या जेएच02एपी-7800 चला रहा था, जिसके असली मालिक सलीम खान, पिता रेयासत खान, ग्राम डिही मुरूह, थाना लातेहार, जिला लातेहार हैं। गाड़ी में उस समय युसूफ अंसारी भी सवार थे। ग्राम हेसल की ओर से आते समय अचानक सामने से एक वाहन आ गया। घना कोहरा होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी। सामने से आ रही गाड़ी को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन को बाईं ओर मोड़ा, इसी दौरान गाड़ी पेड़ से टकरा गई।हादसे में फॉर्च्यूनर गाड़ी के अगले हिस्से एवं बाईं साइड में नुकसान हुआ है। रात होने के कारण तत्काल सूचना नहीं दी जा सकी, जिसके बाद अगले दिन थाना में आवेदन देकर विधिवत सन्हा दर्ज कराने का अनुरोध किया गया। चालक ने अपने आवेदन के साथ गाड़ी की ऑनर बुक एवं अपना ड्राइविंग लाइसेंस संलग्न किया है। पुलिस मामले की जानकारी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।



