Patna: ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री सह जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने गुरुवार को नालंदा स्थित महाबोधि बीएड महाविद्यालय में सत्र 2026-28 के शुभारंभ समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा एक ताकतवर हथियार है, जिससे दुनिया जीती जा सकती है। उन्होंने कहा कि शिक्षक बेहतर समाज के निर्माणकर्ता होते हैं और एक अच्छा शिक्षक सैकड़ों जिंदगियां बदल सकता है।
Read more: Bihar RDO Appointment: मंत्री श्रवण कुमार ने 359 RDO को बांटे नियुक्ति पत्र
मंत्री ने कहा कि अच्छा शिक्षक वही बन सकता है, जो स्वयं अच्छा छात्र रहा हो। शिक्षक समाज का दर्पण होते हैं। बीएड के छात्रों पर देश की आने वाली पीढ़ी को संवारने की बड़ी जिम्मेदारी है। इसलिए केवल डिग्री हासिल करना ही छात्रों का उद्देश्य नहीं होना चाहिए। छात्रों में नैतिक मूल्यों और व्यावहारिक ज्ञान का विकास करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में शिक्षक बनने वाले छात्रों को बच्चों को केवल किताबों का ज्ञान नहीं देना है, बल्कि उन्हें संस्कार और संस्कृति से भी जोड़ना है। शिक्षक की भूमिका केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं होती, बल्कि वह बच्चों के व्यक्तित्व और भविष्य को आकार देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
354 निजी बीएड कॉलेजों में अन्य विषयों की पढ़ाई का जिक्र
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि हाल में मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने राज्य में मौजूद 354 निजी बीएड कॉलेजों में बीएड के अतिरिक्त अन्य विषयों की भी पढ़ाई की अनुमति देने का फैसला लिया है। इससे छात्रों को काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि अब छात्रों को स्नातक स्तर तक की पढ़ाई करने के लिए दूसरे शहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई स्तर पर कार्य किए हैं। वर्तमान मुख्यमंत्री भी उसी दिशा में शिक्षा के क्षेत्र में काम को आगे बढ़ा रहे हैं।
Read more: मुख्यमंत्री उद्यमी योजना: हुनरमंद युवाओं के सपनों को मिल रहे नए पंख
14 वर्षों में 1400 छात्र बने सफल शिक्षक
मंत्री ने महाबोधि बीएड महाविद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्थान ने अब तक 14 वर्षों का सुनहरा सफर तय किया है। इस दौरान महाविद्यालय से कुल 1400 छात्र प्रशिक्षण प्राप्त कर शिक्षक बने हैं और समाज की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार मेधावी और समर्पित शिक्षकों को हर संभव सुविधा उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने राज्य के 354 बीएड महाविद्यालयों में स्नातक की पढ़ाई शुरू करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने पूरे बिहार में शैक्षणिक माहौल बनाने का काम किया है। शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों से छात्रों को आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं।
छात्रों से लक्ष्य तय कर मेहनत करने की अपील
कार्यक्रम में 38वीं बिहार बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजेश बहरी ने भी छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयारी करनी चाहिए। जीवन में जो बनना है, वह कड़ी मेहनत से ही हासिल किया जा सकता है। कर्नल राजेश बहरी ने कहा कि अपनी पहचान हमें स्वयं बनानी पड़ती है। इसके लिए छात्रों को लक्ष्य के प्रति गंभीर रहकर लगातार मेहनत करनी चाहिए। महाविद्यालय के सचिव राजेंद्र प्रसाद ने छात्रों से मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेहनत का फल हमेशा मीठा होता है और यदि छात्र पूरी लगन के साथ पढ़ाई करेंगे तो उन्हें सफलता जरूर मिलेगी।
Read more: ‘2025-30 में 1 करोड़ नौकरियां’, 2,027 को नियुक्ति पत्र; CM ने कही बड़ी बात
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
महाबोधि बीएड महाविद्यालय में आयोजित सत्र शुभारंभ समारोह में प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार, जेपी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के सचिव शैलेश कुमार, एनसीसी के सुबेदार मेजर ललिन्द्र टिग्गा, प्राचार्य दीपक शर्मा, डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. अंजनी कुमार सुमन, डॉ. सीमा कुमारी, प्रो. सूर्य प्रकाश रावत, प्रो. अनिल कुमार कश्यप, प्रो. अमरजीत कुमार, डॉ. अमित कुमार, डॉ. सचिन मिश्रा, प्रो. मीनाक्षी, प्रो. चंदन झा, प्रो. शशिकांत सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।





