Patna: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले युवाओं के लिए 13 अगस्त का दिन ऐतिहासिक बन गया। पटना स्थित बापू सभागार में आयोजित एक भव्य एवं ऐतिहासिक समारोह में सीएम सम्राट चौधरी ने सफल घोषित हुए 2,027 अभ्यर्थियों को एक साथ नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर सीएम ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोक सेवा केवल एक नौकरी नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण का माध्यम है।
Read more: Bihar RDO Appointment: मंत्री श्रवण कुमार ने 359 RDO को बांटे नियुक्ति पत्र
2025-30 के बीच 1 करोड़ नौकरियां और रोजगार देने का लक्ष्य
समारोह को संबोधित करते हुए सीएम ने राज्य सरकार की रोजगार प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 से 2025 के बीच राज्य में 12 लाख सरकारी नौकरियां और 50 लाख से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2025 से 2030 के दौरान राज्य के 1 करोड़ नौजवानों को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
3.47 लाख करोड़ का हुआ बजट, बनेंगी 12 नई टाउनशिप
राज्य की आर्थिक प्रगति की चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि बिहार का बजट अब बढ़कर 3.47 लाख करोड़ रुपये का हो चुका है। शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए राज्य में 12 नई आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएंगी, जिससे बड़े पैमाने पर निजी निवेश आकर्षित होगा। इसके साथ ही बिहार को स्टील हब बनाने के अलावा सेमीकंडक्टर, न्यूक्लियर एनर्जी और फूड प्रोसेसिंग जैसे आधुनिक उद्योगों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
पटना से बोधगया अब सिर्फ 1.5 घंटे का सफर
सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए सीएम ने बताया कि बेहतर रोड कनेक्टिविटी के कारण अब पटना से बोधगया का सफर महज डेढ़ घंटे में पूरा किया जा सकता है। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों को हिदायत दी कि वे ‘सहयोग कार्यक्रम’ के तहत आम जनता की शिकायतों का समाधान तय 30 दिनों की समयसीमा के भीतर पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करें।
Read more: Bihar Fish Production 2026: ‘विजन 2030’ से अग्रणी मत्स्य राज्य बनेगा बिहार
कैबिनेट के कई मंत्री और शीर्ष अधिकारी रहे मौजूद
इस भव्य नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा सहित राज्य मंत्रिमंडल के कई सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार और पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और सफल अभ्यर्थियों के परिजन उपस्थित थे।




