रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव-2026 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। शनिवार को आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में उनसे मुलाकात की और महोत्सव में शामिल होने का न्योता दिया।
यह महोत्सव 22 से 24 नवंबर 2026 तक बोकारो जिले के टीटीपीएस ललपनिया में आयोजित होगा। इस दौरान उपायुक्त बोकारो अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना की मौजूदगी में मुख्यमंत्री को आमंत्रण सौंपा गया।
सीएम को दी गई तैयारियों की जानकारी
मुलाकात के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा ने मुख्यमंत्री को महोत्सव की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी जानकारी दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन और सदस्य लुदू मांझी भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से महोत्सव में शामिल होने का आग्रह किया।




