Ranchi: राजधानी रांची के चर्चित कारोबारी परिवार से जुड़े लव भाटिया की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। शुरुआती जानकारी में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद शहर के कारोबारी और सामाजिक हलकों में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, कावेरी रेस्टोरेंट संचालक आशीष भाटिया के बेटे अभिमन्यु भाटिया उर्फ लव भाटिया की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें लालपुर स्थित आर्केड अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

लव भाटिया रांची के बड़े होटल और रेस्टोरेंट कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके परिवार का शहर में पंजाब स्वीट्स, होटल कैपिटल हील और चर्च कांप्लेक्स स्थित मशहूर कावेरी रेस्टोरेंट सहित कई प्रतिष्ठान हैं। सर्कुलर रोड, अशोक नगर और कांके रोड में भी कावेरी रेस्टोरेंट की शाखाएं संचालित होती हैं। बताया जाता है कि लव भाटिया सर्कुलर रोड स्थित कावेरी रेस्टोरेंट की जिम्मेदारी संभालते थे।

लव भाटिया पहले भी चर्चाओं में रह चुके थे। वर्ष 2016 में उन पर जानलेवा हमला हुआ था। वहीं, वर्ष 2009 में उनका अपहरण कर लिया गया था, जिसने पूरे रांची शहर को हिला दिया था।

बताया जाता है कि उस समय लव भाटिया मेन रोड स्थित पंजाब स्वीट हाउस बंद कर देर रात घर लौट रहे थे, तभी अपराधियों ने रास्ते से उनका अपहरण कर लिया था। मामले में उनके पिता आशीष भाटिया ने लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बाद में तत्कालीन एसएसपी प्रवीण सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने हजारीबाग में विशेष अभियान चलाकर उन्हें सकुशल बरामद किया था।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Share.
Exit mobile version