Lohardaga News: झारखंड के लोहरदगा जिले में अंधविश्वास ने फिर तीन जिंदगियां लील लीं। पेशरार थाना क्षेत्र के केकरांग बर टोली गांव में डायन-बिसाही के शक में पति, पत्नी और नौ वर्षीय बेटे की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना बीती रात की है, जब कुछ ग्रामीणों ने कुदाल और कुल्हाड़ी से हमला कर तीनों की जान ले ली।

गांव खाली, हत्यारे फरार

घटना के बाद गांव के ज्यादातर लोग अपने घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ वेदांत शंकर (IPS) खुद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन छापेमारी अभियान जारी है।

परिवार को पहले से मिल रही थी धमकियां

मृतक की बहू सुखमनिया नगेसिया ने बताया कि गांव के ही कुछ लोग लंबे समय से परिवार पर डायन-बिसाही का आरोप लगाते थे। इसको लेकर पहले पंचायत भी बैठाई गई थी। बुधवार की रात जब परिवार सो रहा था, तभी हमलावरों ने घर में घुसकर लक्षण नगेसिया (47), उसकी पत्नी बिफनी नगेसिया (45) और उनके बेटे रामविलास (9) की हत्या कर दी। परिवार के बाकी सदस्यों को कमरे में बाहर से बंद कर दिया गया, ताकि कोई मदद न कर सके।

पुलिस कर रही है जांच

एसडीपीओ ने कहा कि हत्या के पीछे का कारण डायन-बिसाही का अंधविश्वास हो सकता है, लेकिन जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।

Share.
Exit mobile version