Lohardaga News: आगामी धनतेरस और दीपावली पर्व को लेकर लोहरदगा में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिज़वी से मुलाकात की। यह मुलाकात लोहरदगा सदर थाना प्रभारी की पहल पर हुई।
पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों को विश्वास दिलाया कि पुलिस हर वक्त सतर्क और तत्पर है। उन्होंने कहा कि व्यापारी निर्भीकता और स्वच्छंदता के साथ अपने व्यापार को संचालित करें। लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
एसपी रिज़वी ने बताया कि धनतेरस के अवसर पर वाहन शो-रूम, ज्वेलरी, फर्नीचर और बर्तन दुकानों के आसपास विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाएं। यह निगरानी न केवल अपराधों पर रोकथाम करेगी, बल्कि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई को भी संभव बनाएगी।
उन्होंने कहा कि हर थाना क्षेत्र में विशेष टीमों की तैनाती की गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस की यह पहल त्योहारों में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए है।
इस अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रितेश कुमार, सचिव राकेश सिन्हा, कोषाध्यक्ष दीपक पोद्दार, वरीय उपाध्यक्ष पंकज जैसवाल, सह सचिव अनीश मित्तल, कार्यकारिणी सदस्य राजेश महतो, विजय कुमार खत्री, फिरोज शाह, सदस्य आशीष मित्तल, रवि कुमार खत्री, सुमित राय और मनीष कुमार अग्रवाल (गुड्डू) उपस्थित रहे।
पुलिस और व्यापारियों की यह बैठक सुरक्षित और निर्भीक व्यापार सुनिश्चित करने के लिए अहम मानी जा रही है। एसपी ने साफ किया कि सभी सुरक्षा उपायों के बावजूद व्यापारियों को भी अपनी सतर्कता बनाए रखनी होगी।
इस पहल से लोहरदगा में व्यापारियों के बीच विश्वास बढ़ा है और त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने की तैयारी पूरी है।



