मोतिहारी: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी शहर के बेलबनवा मोहल्ले में एक घर में चल रही शराब पार्टी पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार लोग पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के कर्मचारी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान मौके से शराब और मांस बरामद किया गया। गिरफ्तार सभी लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार लोगों की पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रतीक कुमार, इंद्रजीत कुमार, संजय कुमार, तरुण कुमार और लक्की सिंह के रूप में की है। ये सभी अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस को बेलबनवा मोहल्ले में कुछ लोगों के एक साथ पार्टी करने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर पांच लोगों को पकड़ा।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पार्टी के लिए शराब कहां से लाई गई थी और इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।




