Lakhimpur Kheri: जिले में एक स्कूल परिसर के भीतर दिनदहाड़े महिला टीचर की गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने क्लासरूम के बाहर टीचर को गोली मारी और उसके तुरंत बाद उसी हथियार से खुद को भी शूट कर आत्महत्या कर ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस खौफनाक वारदात के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Read more: अमेरिका में सनकी आशिक ने युवती को मारी गोली, आरोपी ने खुद को भी उड़ाया
सीसीटीवी फुटेज में शिक्षिका को घसीटता दिखा आरोपी सऊद अंसारी
पुलिस जांच और शुरुआती मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतका की पहचान टीचर निशात फातिमा और आरोपी की पहचान सऊद अंसारी के रूप में हुई है। दोनों के बीच पहले से प्रेम प्रसंग की बात कही जा रही है। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक महिला टीचर को जबरन घसीटते हुए स्कूल की पहली मंजिल की ओर ले जाता दिखाई दे रहा है। इसके बाद पहली मंजिल पर स्थित क्लासरूम के बाहर उसने तमंचे या पिस्टल से निशात पर फायर झोंक दिया और फिर खुद की कनपटी पर गोली मार ली।
क्लासरूम में मौजूद बच्चों और शिक्षकों में फैली दहशत
वारदात के समय स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं। अचानक चली गोलियों की आवाज और खून से लथपथ शव देखकर छात्र-छात्राएं बुरी तरह सहम गए और चीख-पुकार मच गई। स्कूल का स्टाफ भी डर के मारे स्तब्ध रह गया। गोलीबारी की खबर आग की तरह फैलते ही बच्चों के चिंतित अभिभावक आनन-फानन में स्कूल पहुंचने लगे और अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुट गए।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, हथियार की बरामदगी पर जांच जारी
सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ स्कूल परिसर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर ली। पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने मौके से खाली खोखे, प्रयुक्त हथियार और अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। लखीमपुर खीरी पुलिस सीसीटीवी फुटेज के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी हथियार लेकर स्कूल में कैसे दाखिल हुआ और घटना की वास्तविक पृष्ठभूमि क्या थी।




