Lohardaga News: बुधवार की शाम कुडू-लोहरदगा मुख्य मार्ग पर दोबा मोड़ के पास हुई एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को शोक में डूबो दिया है। मृतकों की पहचान मकान्दू गांव निवासी 31 वर्षीय सारू उरांव और उनकी 29 वर्षीय पत्नी जयमंती कुमारी के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों अपने छह महीने के बच्चे को घर में छोड़कर बैंक संबंधी काम से लोहरदगा गए थे। लौटते समय शाम करीब पौने 6 बजे उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही दोनों की जान चली गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें कुडू अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया, क्योंकि दंपति अपने पीछे छह महीने का एक शिशु छोड़ गए हैं।

मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों का हंगामा

गुरुवार सुबह ग्रामीण बड़ी संख्या में दोबा मोड़ पहुंचे और मृतक परिवार को तुरंत मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। थाना प्रभारी अजित कुमार ने लोगों को सरकारी प्रक्रिया की जानकारी दी और मृतक के परिजनों को राहत स्वरूप 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।

इसी दौरान एक विवाद तब बढ़ गया जब ग्रामीणों को पता चला कि सीओ ने पंचायत मुखिया को मोबाइल पर ‘चंदा करने’ की सलाह दी थी। इससे लोग भड़क उठे और आजसू के केंद्रीय सचिव लाल गुड्डू नाथ शाहदेव, मुखिया ललिता उरांव और पूर्व उपमुखिया हफीजुल अंसारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अंचल कार्यालय में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

स्थिति गंभीर होती देख एसआई हेमंत कुमार और अंचल अधिकारी संतोष उरांव भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया और मृतक परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति शांत हुई और सीओ ने भी मृतक परिवार को अतिरिक्त 10 हजार रुपये की सहायता दी।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

विरोध शांत होने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है और गांव का माहौल अब भी भारी है।

Share.
Exit mobile version